Ballia News: सिकंदरपुर के सिवानकला ताल में नहाते समय डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत
सिकंदरपुर, बलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिवानकला ताल में नहाते समय डूब जाने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीसोटार गांव निवासी अभिमन्यु वर्मा (25 वर्ष) पुत्र राधेश्याम वर्मा मंगलवार की दोपहर अपने कुछ दोस्तों के साथ नहाने के लिए सिवान कला ताल में गया हुआ था। नहाते नहाते अचानक वह गहरे पानी में चला गया तथा डूबने लगा। इस दौरान उसके दोस्तों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे तब तक अभिमन्यु गहरे पानी में डूब चुका था।
काफी मशक्कत के बाद उसे निकालकर तत्काल लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया तथा उसके परिजनों को सूचना दिया। वहीं चिकित्सक ने जांच के बाद अभिमन्यु को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। इस दौरान परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे।