उत्तर प्रदेशप्रयागराज

Prayagraj News: भाजपा नेता रईश चंद्र शुक्ला व सहयोगियों पर घर गिराने का मामला दर्ज

प्रयागराज। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने यहां राजमार्ग के किनारे एक भूखंड पर बने घर को कथित तौर पर बुलडोजर से ध्वस्त करने के आरोप में एक स्थानीय भाजपा नेता और उनके सहयोगियों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस उपायुक्त (यमुनानगर) विवेक कुमार ने कहा कि घूरपुर पुलिस थाने को इमारत के मालिक अभिषेक त्रिपाठी ने 5 सितंबर को विध्वंस के बारे में सूचित किया था।

उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अभिषेक त्रिपाठी की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। कुमार ने बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बुलडोजर जब्त कर लिया गया है। अपनी शिकायत में त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि स्थानीय भाजपा नेता रईस चंद्र शुक्ला के सहयोगियों अलंकार सिंह और चंद्रसेन ने लगभग 30 अज्ञात लोगों के साथ 5 सितंबर को उनके घर और उसकी चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया और उनका सामान लूट लिया।

त्रिपाठी के मुताबिक, उनके और रईस चंद्र शुक्ला, उनके बेटे संदीप शुक्ला, देवेंद्र सिंह, हर्षिता रौतेला, तापस केसरवानी और अभिषेक गुप्ता के बीच संपत्ति को लेकर अदालत में भूमि विवाद का मामला चल रहा था। त्रिपाठी ने दावा किया कि रईस चंद्र शुक्ला ने एक सितंबर को उन्हें जान से मारने और मकान पर कब्जा करने की धमकी दी थी। घूरपुर थाना प्रभारी केशव वर्मा ने बताया कि रईस चंद्र शुक्ला, अलंकार सिंह, चंद्रसेन और 30 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

उन्होंने बताया कि अलंकार सिंह और अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन रईस शुक्ला और चंद्रसेन फरार हैं। रईस चंद्र शुक्ला ने 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर भाजपा के नंद गोपाल गुप्ता (नंदी) के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन असफल रहे। यह सीट हारने के बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *